Amb News: दिल्ली से बैजनाथ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में सवार एक महिला के पास से जीवित कछुआ बरामद हुआ है। पक्का परोह में ढाबे पर रुकने के दौरान बस चालक ने महिला को डिब्बे का पानी बदलते देखा। महिला कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी, जिसके बाद चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
ढाबे पर पानी बदलते समय चालक की नजर में आया कछुआ
शिकायत के अनुसार बस 29 अगस्त को 52 यात्रियों को लेकर दिल्ली से रवाना हुई थी। देर रात करीब डेढ़ बजे पक्का परोह के पास ढाबे पर बस रुकी। वहां उत्तर प्रदेश निवासी महिला हाथ में लिए डिब्बे का पानी बदल रही थी। चालक सुधीर कुमार की नजर कछुए पर पड़ी और उन्होंने तुरंत पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान महिला ने दावा किया कि वह इस कछुए को धर्मशाला के एक मंदिर में महंत के पास ले जा रही थी। हालांकि, वन्यजीव को ले जाने का कोई आधिकारिक दस्तावेज न मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। चालक की तत्परता से वन्यजीव तस्करी की यह संदिग्ध गतिविधि समय रहते पकड़ में आ गई।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस, कछुआ सुरक्षित
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर महिला के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद कछुए को सुरक्षित रूप से वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।