Una News: नेपाल के त्रिशूली क्षेत्र में आई भयावह त्रासदी के बाद बीते छह दिनों से लापता जिला ऊना के बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर रत्न के सुरक्षित होने की सूचना सामने आई है। सुखविंदर के ताया के बेटे शुभम रत्न ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।
हालांकि, सुखविंदर रत्न की स्थिति को लेकर अभी तक प्रशासनिक या आधिकारिक स्तर पर कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। शुभम रत्न ने बताया कि सुखविंदर की खोजबीन के लिए उनके भाई वीरेंद्र रत्न दुबई से सीधे काठमांडू पहुंचे हैं। वीरेंद्र पिछले पांच दिनों से काठमांडू में ही डटे हुए हैं और सुखविंदर को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं।
सुरंग में 15 भारतीयों के फंसे होने की आशंका
परिजनों के अनुसार, जिस सुरंग में हादसे के वक्त लोग मौजूद थे, वहां सुखविंदर समेत करीब 15 भारतीयों के फंसे होने की जानकारी मिली है। शुभम ने बताया कि इस टनल में भारतीयों के साथ-साथ स्थानीय नेपाली कर्मचारी भी काम कर रहे थे। इसी वजह से सुरंग के भीतर की जानकारी बाहर आ सकी है।
सुरंग के अंदर मौजूद एक नेपाली कर्मचारी से लगभग दो दिन पहले संपर्क हो पाया था। उसने बताया कि सुखविंदर रत्न टनल नंबर एक में पूरी तरह सुरक्षित हैं। परिजनों ने इस खबर की जानकारी मिलते ही काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास को सूचित कर दिया है, ताकि बचाव कार्य तेजी से शुरू हो सके।
भारत सरकार से विशेष रेस्क्यू टीम भेजने की मांग
शुभम रत्न का कहना है कि नेपाल में स्थानीय स्तर पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की रफ्तार बहुत धीमी है। उन्होंने भारत सरकार और संबंधित मंत्रालय से अनुरोध किया है कि इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपनी रेस्क्यू टीम नेपाल भेजी जाए, ताकि फंसे लोगों को जल्द निकाला जा सके।
परिजनों का आरोप है कि नेपाल सरकार न तो अपनी आर्मी रेस्क्यू टीम का दायरा बढ़ा रही है और न ही निजी संस्थाओं की मदद ले रही है। ऐसी स्थिति में काठमांडू में मौजूद रिश्तेदार केवल इंतजार करने के लिए मजबूर हैं। यदि समय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो टनल में फंसे सभी लोगों की जान को भारी खतरा हो सकता है।