हिमाचल प्रदेश के ऊना में शराब के ठेके पर पुलिस और कारोबारी के बीच हिंसक झड़प, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के मैहतपुर स्थित एक शराब ठेके पर बुधवार देर रात पुलिस और कारोबारी के बीच जमकर मारपीट हुई। महिला की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम और सेल्समैन के बीच बहस के बाद हिंसा भड़क गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शराब कारोबारी ने पुलिस पर नशे में मारपीट का आरोप लगाया

शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी का आरोप है कि उनके पूर्व कर्मचारी राकेश से 70 हजार रुपये के लेनदेन पर बात हुई थी। इसके बाद रात को कुछ लोग सादे कपड़ों में आए और बंधक बनाने का झूठा दावा किया। इनकार करने पर वे जबरन ठेके में घुसे और सेल्समैन से मारपीट की।

कारोबारी ने कहा कि मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। उन्होंने अवैध रूप से ठेका बंद करने और ताला लगाने का प्रयास किया। सेल्समैन की सूचना के बाद कारोबारी ने पुलिस से संपर्क साधकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है ताकि सच सामने आ सके।

महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंची थी पुलिस टीम

दूसरी ओर, मैहतपुर पुलिस को एक महिला ने शिकायत दी थी। महिला का कहना था कि शराब ठेके के सेल्समैन उनके बेटे राकेश को अपने साथ ले गए हैं। इसी आधार पर पुलिस टीम युवक की तलाश में ठेके पर पहुंची थी, जहां सेल्समैन ने अचानक पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप में ठेके के कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष से अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News