Khagaria News: बिहार के खगड़िया जिले में घर के आगे खड़ी दिव्यांग ट्राईसाइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने 75 वर्षीय बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना गुरुवार को मोरकाही थाना क्षेत्र के बछौता गांव स्थित वार्ड संख्या तीन में हुई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी उपेंद्र साह के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पुत्र डोमन साह ने अपने घर के पास खड़ी सरकार द्वारा प्रदत्त दिव्यांग ट्राईसाइकिल को वहां से हटाने के लिए पिता उपेंद्र साह से कहा। जब पिता ने ट्राईसाइकिल हटाने से इनकार कर दिया, तो डोमन साह आगबबूला हो गया और उसने अपने बुजुर्ग पिता के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल उपेंद्र साह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जमीन विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मोरकाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र डोमन साह को हिरासत में ले लिया। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर परिवार के सदस्यों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। मृतक के पोते अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके दादा उपेंद्र साह और चाचा डोमन साह के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन की हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा था, और जमीन में हिस्सा न मिलने के कारण ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की जानकारी देते हुए मोरकाही थानाध्यक्ष उदय शंकर कुमार ने बताया कि आरोपी डोमन साह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ट्राईसाइकिल हटाने के तात्कालिक विवाद के साथ-साथ पारिवारिक कलह और जमीन की हिस्सेदारी के पहलू से भी मामले की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।