Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में एंटी चिट्टा वॉकथॉन रैली में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने स्वागत किया। शिमला से हेलीकॉप्टर के जरिए मंडी के कंगनीधार हेलीपैड पर लैंड करने पर विधायक अनिल शर्मा ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। इसके बाद दोनों ने जिला लाइब्रेरी के भवन का शिलान्यास किया और ‘मेरा हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संदेश को आगे बढ़ाया।
बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं विधायक अनिल शर्मा
हाल ही में भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने अपनी ही पार्टी के तीन सांसदों को लेकर एक तीखा बयान दिया था, जिससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कोटली में पार्किंग के लिए सांसदों से मदद मांगी थी, लेकिन किसी की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिला। सार्वजनिक मंच पर “इन तिलों में तेल नहीं है” जैसी टिप्पणी करने के बाद इस बयान पर काफी चर्चा हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इस विषय पर पार्टी संगठन के भीतर चर्चा की जाएगी और मीडिया में ऐसे मुद्दों पर बोलना उचित नहीं है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और पण्डित सुखराम परिवार का सफर
वरिष्ठ भाजपा विधायक अनिल शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता पंडित सुखराम के बेटे हैं। वह पहले कांग्रेस पार्टी में थे और 2012 की वीरभद्र सिंह सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था और भाजपा सरकार में मंत्री बने।
वर्ष 2019 में उनके बेटे आश्रय शर्मा ने कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसके चलते अनिल शर्मा को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बावजूद वह भाजपा में बने रहे और वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव भी भाजपा के टिकट पर ही जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।