Shimla News: हिमाचल प्रदेश में लेक्चरर्स की प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति (प्रमोशन) की प्रक्रिया तेज हो गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला ने पदोन्नति के लिए 369 लेक्चरर्स की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) तलब की हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को 16 नवंबर 2026 तक लंबित रिपोर्ट निदेशालय पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इस सूची में वोकेशनल एजुकेशन की सामान्य श्रेणी (जनरल कैटेगरी) के केवल चार लेक्चरर्स शामिल हैं।
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी मेमो के तहत प्रदेश के सभी उपनिदेशकों (डिप्टी डायरेक्टर्स) को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मेमो के साथ 369 लेक्चरर्स की सूची भी जारी की गई है, जिनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अनिवार्य हैं।
वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक का लंबित रिकॉर्ड मांगा
निदेशालय के अनुसार, वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक की कई वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक जमा नहीं करवाई गई हैं। पदोन्नति प्रक्रिया में संभावित देरी को देखते हुए विभाग ने लंबित रिकॉर्ड तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्टिंग अधिकारियों को अपने स्तर पर लंबित ACR लिखने और उन्हें तय समयसीमा के भीतर भेजने को कहा गया है।
स्पेशल मैसेंजर से भेजनी होगी रिपोर्ट
विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ACR फॉर्म पर संबंधित लेक्चरर का वरिष्ठता क्रमांक (सीनियरिटी नंबर) और डोजियर संख्या अनिवार्य रूप से अंकित की जाए। रिकॉर्ड समय पर निदेशालय पहुंच सके, इसके लिए सभी रिपोर्ट सामान्य डाक के बजाय स्पेशल मैसेंजर के माध्यम से भेजने के आदेश दिए गए हैं।
निदेशालय ने रिपोर्ट जमा करवाने के लिए 16 नवंबर 2026 की अंतिम तिथि तय की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक रिकॉर्ड नहीं पहुंचने की स्थिति में पदोन्नति प्रक्रिया में होने वाली देरी की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है, क्योंकि ACR रिकॉर्ड पूरा होने के बाद ही प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।