धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक होने वाला शीतकालीन सत्र वर्तमान सरकार का अंतिम सत्र होगा: जयराम ठाकुर

Share

- Advertisement -

Shimla News: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित विधानसभा का शीतकालीन सत्र वर्तमान कांग्रेस सरकार का अंतिम शीतकालीन सत्र साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चार साल के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और भाजपा सत्र के दौरान पीपीपी मोड, नशे व कर बढ़ोतरी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरेगी।

शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। भाजपा विधायक दल के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर नोटिस और प्रश्न लगाए हैं, जिन्हें सदन में गंभीरता से उठाया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “कांग्रेस सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। प्रदेश में आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार बनने के पहले सत्र से ही जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है और इस बार भी जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा।

पीपीपी मोड पर ऐतिहासिक संपत्तियों को देने का विरोध

प्रदेश की प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक संपत्तियों को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर देने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने सरकार की मंशा पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि शिमला और हिमाचल की पहचान रही इन संपत्तियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सरकार एक तरफ कह रही है कि कोई संपत्ति बेची नहीं जा रही, बल्कि पीपीपी मोड पर दी जा रही है।

उन्होंने मांग की कि सरकार सार्वजनिक रूप से बताए कि पीपीपी का कौन सा मॉडल अपनाया गया है, इसकी शर्तें क्या हैं और इन्हें कितने समय के लिए निजी क्षेत्र को दिया जा रहा है। भाजपा विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से सीधा जवाब मांगेगी।

नशा, महंगाई और कर बढ़ोतरी पर साधा निशाना

प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के वॉकथॉन कार्यक्रम पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि केवल वॉकथॉन आयोजित करने और नेताओं की तस्वीरें लगाने से नशे की समस्या हल नहीं होगी, बल्कि सरकार को धरातल पर उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी देनी चाहिए।

स्टाम्प पेपर की कीमतों में वृद्धि और विभिन्न शुल्कों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कई तरह के सेस और टैक्स लगाकर आम आदमी पर आर्थिक बोझ डाला है। पानी और बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी से जनता परेशान है। उन्होंने सवाल किया कि आम लोगों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने के बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार क्यों नहीं हो रहा है।

चार साल के जश्न और विधायकों की नाराजगी पर बयान

कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रस्तावित जश्न को लेकर तंज कसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार में थोड़ी भी समझ होगी तो वह ऐसे आयोजन से परहेज करेगी।

मंडी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अनिल शर्मा की मौजूदगी और स्वागत से जुड़े सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि नजदीकी और दूरी को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। नशे के खिलाफ सभी को मिलकर काम करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह अनिल शर्मा के मामलों को उलझाने की कोशिश कर रहे हैं, उससे कुछ हासिल नहीं होगा और मंडी की जनता आगामी चुनाव में फिर से सभी दस सीटें भाजपा को देगी।

कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की कथित नाराजगी और भाजपा नेताओं के संपर्क में होने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें नाराज ही नहीं, बल्कि बेहद नाराज होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से उन्हें जिस स्थिति में रखा गया है, उससे उनकी भावनाओं के साथ कुल्लू की जनता का भी अपमान हुआ है। उन्होंने सलाह दी कि यदि उनमें आत्मसम्मान बचा है तो उन्हें मुख्यमंत्री से स्पष्ट कह देना चाहिए कि अब बहुत हो गया। भाजपा के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “हमारे साथ बहुत लोग टच में हैं।”

चुनाव और दल-बदल पर प्रतिक्रिया

आगामी विधानसभा चुनाव की गतिविधियों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी परिवार शोकाकुल है, इसलिए इस विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। चुनाव आयोग द्वारा तारीखें तय किए जाने के बाद ही इस पर बात की जाएगी। वहीं, पार्टी में नेताओं के आने-जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष प्रतिक्रिया देंगे। सिंघीराम के संदर्भ में उन्होंने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा कि वे आए थे और चले गए, बस इतना ही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News