ऊना-अम्ब हाईवे पर निजी बस ने बाइक सवार को कुचला, 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Share

- Advertisement -

Una News: ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार सुबह निजी बस की चपेट में आने से बाइक सवार धर्मपाल (63) की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक और रोष है। लोग सड़क पर बने विवादित कट को हादसे की वजह बताकर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। यह दुर्घटना ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आई। मृतक की पहचान 63 वर्षीय धर्मपाल, निवासी ऊना के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार धर्मपाल सुबह अपनी बाइक से जा रहे थे। पतंजलि स्टोर और पेट्रोल पंप के पास बने कट के समीप एक निजी बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

अस्पताल में मृत घोषित, पुलिस जांच जारी

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल धर्मपाल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

विवादित कट पर स्थानीय लोगों का रोष

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर बना यह कट दुर्घटना की मुख्य वजह है। लोगों का कहना है कि इस कट को लेकर पहले भी प्रशासन के सामने कई बार आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है।

इस कट से शहर की घनी आबादी वाली कॉलोनी को मुख्य रास्ता जाता है, जिससे यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण इस जगह पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

हादसे के बाद नाराज स्थानीय निवासियों ने जिला और पुलिस प्रशासन से इस कट पर यातायात व्यवस्था सुरक्षित और मजबूत करने की मांग की है, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News