टांडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने की जटिल ओपन-हार्ट सर्जरी, मरीज को मिला नया जीवन

Share

- Advertisement -

Kangra News: डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के डॉक्टरों ने एक मरीज की बेहद जटिल ओपन-हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की है। कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने इस बड़ी उपलब्धि के साथ चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर हासिल किया है।

मरीज गंभीर रूप से खराब बाइ-कस्पिड एओर्टिक वाल्व और फैली हुई एओर्टिक महाधमनी की समस्या से जूझ रहा था। डॉक्टरों ने सर्जरी के दौरान खराब वाल्व को कृत्रिम वाल्व से बदला। इसके साथ ही फैली हुई महाधमनी के प्रभावित हिस्से की जगह कृत्रिम ग्राफ्ट लगाया।

यह पूरी प्रक्रिया हार्ट-लंग मशीन की मदद से सफलतापूर्वक अंजाम दी गई। टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा के मार्गदर्शन में विभागाध्यक्ष डॉ. देश बंधु शर्मा ने इस सर्जरी की अगुवाई की। उनके साथ डॉ. विकास पंवार और डॉ. पुनीत शर्मा ने अहम जिम्मेदारी निभाई।

वरिष्ठ डॉक्टरों और सपोर्ट स्टाफ के तालमेल से मिली सफलता

सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया टीम में डॉ. भारती गुप्ता और डॉ. अमन ठाकुर शामिल रहे। ऑपरेशन थिएटर स्टाफ, नर्सिंग टीम और आईसीयू कर्मियों के बेहतर तालमेल, समर्पित प्रयास और लगातार निगरानी से यह जटिल ऑपरेशन सफल हो सका। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की हालत अब पूरी तरह स्थिर है।

मरीज का पूरा इलाज सरकारी स्वास्थ्य योजना के तहत बिल्कुल नि:शुल्क किया गया। इससे मरीज पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ा और उसे आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिली। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में और अधिक जटिल हृदय सर्जरी के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News