ऊना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रामपुर रोड और नंगल कलां में दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। रामपुर रोड पर 16.81 ग्राम और नंगल कलां में 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रामपुर रोड पर 84 पौड़ियों के पास गश्त के दौरान पुलिस टीम को देखकर एक युवक घबरा गया। उसने अपनी जेब से पुड़िया निकालकर नाली में फेंक दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 33 वर्षीय पंकज पूरी को पकड़ लिया और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में 16.81 ग्राम चिट्टा जब्त किया।

एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस टीम नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार प्रयासरत है। आरोपी पंकज पुरी वार्ड नंबर सात ऊना का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह नशा कहां से लाया था।

घर में दबिश देकर पुलिस ने 4.80 ग्राम चिट्टे के साथ युवक को दबोचा

दूसरा मामला हरोली उपमंडल के नंगल कलां का है, जहां पुलिस को आरोपी गगनदीप के घर में नशा बेचने की गुप्त सूचना मिली थी। थाना प्रभारी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ उसके मकान पर रेड की। पुलिस को देखकर 26 वर्षीय आरोपी छत से कूदकर भागने लगा।

छत से भागते समय आरोपी के पैर में चोट भी आई। भागते हुए उसने एक पॉलीथिन पीछे गली में फेंक दी थी। पुलिस ने गगनदीप को काबू कर लिफ़ाफ़ा चेक किया, तो उसमें से 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। टाहलीवाल पुलिस थाने में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News