Chamba News: विश्व हिंदू परिषद के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. केशव वर्मा ने घघरौता में गोवंश हत्या के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पर जन आक्रोश स्वाभाविक है। बेवजह कार्रवाई से पूरे हिमाचल प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा हो सकता है।
डॉ. केशव वर्मा ने शनिवार को चंबा में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज पुलिस की इस एकतरफा कार्रवाई को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। हालांकि, उन्होंने गोवंश हत्या मामले में पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की कार्रवाई की खुले दिल से सराहना भी की।
विहिप प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मानव जीवन में गाय का विशेष स्थान है। देवभूमि चंबा में ऐसी घटना होना बहुत बड़ी आपदा के समान है। सिल्लाघ्राट क्षेत्र की घघरौता पंचायत में गोवंश की हत्या अत्यंत निंदनीय है। इससे पहले भी चंबा जिले में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
गोवंश को बेसहारा छोड़ने पर रोक और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
डॉ. वर्मा ने सड़कों पर गायों को बेसहारा छोड़ने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब गाय दूध देना बंद कर देती है, तो लोग उसे छोड़ देते हैं। इस प्रथा पर तुरंत रोक लगनी चाहिए ताकि गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने जिला परिषद उपाध्यक्ष के दोषियों के घर बुलडोजर चलाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि होने के नाते वे केवल बयानबाजी न करें, बल्कि जल्द कार्रवाई करें। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने होंगे।
