भटोली कॉलेज में पीटीए की नई कार्यकारिणी गठित, देवी लाल बने अध्यक्ष और हरोली में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

Share

- Advertisement -

Una News: एसवीएसडी पीजी कॉलेज भटोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (पीटीए) की आम बैठक का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शैक्षणिक माहौल सुधारने और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने पर मंथन हुआ। इस दौरान सर्वसम्मति से देवी लाल को पीटीए का नया अध्यक्ष चुना गया।

बैठक में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की बात कही गई। गठित नई कार्यकारिणी में गुरविंदर सिंह संधू को उपाध्यक्ष, श्रेष्ठा देवी को महासचिव और सीमा रानी को ऑडिटर बनाया गया। इसके अलावा शिव कुमार और जीवन रानी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

कॉलेज प्रशासन की ओर से डॉ. अतुल कुमार को संयुक्त सचिव, डॉ. कमल किशोर को कोषाध्यक्ष और डॉ. पूनम शर्मा व डॉ. प्रीति को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। उपस्थित सदस्यों ने माना कि छात्रों की शिक्षा और प्रगति को मजबूत करने के लिए अभिभावकों और कॉलेज प्रबंधन के बीच लगातार बातचीत होना बेहद जरूरी है।

हरोली कॉलेज में ठोस कचरा प्रबंधन पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन

दूसरी ओर, प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में ठोस कचरा प्रबंधन विषय पर पोस्टर मेकिंग और ओरिगेमी (कचरे से कला) प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन में लगभग 25 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर आकर्षक पोस्टर और मॉडल बनाए।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. निधि शर्मा ने छात्रों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी प्रो. शकुंतला राणा और एनसीसी प्रभारी प्रो. आशीष कुमार ने भी छात्रों को स्वच्छता के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव और दिशा-निर्देश दिए।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News