Sundernagar News: सुंदरनगर स्थित जवाहरलाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में शुक्रवार को तीसरे राज्य स्तरीय स्मार्ट हैकाथॉन-2026 का आयोजन हुआ। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए व्यावसायिक संभावनाओं वाले प्रोजेक्ट्स को 10 लाख रुपये तक का फंड देने की घोषणा की।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि हैकाथॉन विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उनकी सोच को वास्तविक समस्याओं से जोड़ता है। बेहतरीन प्रोजेक्ट्स का विशेषज्ञों से मूल्यांकन करवाया जाएगा। उपयुक्त पाए जाने वाले मॉडलों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने और धरातल पर लागू करने के लिए वित्तीय और प्रशासनिक मदद दी जाएगी।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने तकनीकी मॉडल पेश किए। इनमें मुख्य रूप से आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा, पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन और संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने वाले नवाचार शामिल रहे।
आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बने आधुनिक मॉडल
आपदा प्रबंधन के लिए ग्लेशियर झीलों की निगरानी, भूस्खलन की पूर्व चेतावनी और हिम अलर्ट एआई जैसे प्रोजेक्ट्स सामने आए। स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में बुजुर्गों के लिए फॉल डिटेक्शन वेस्ट, सेहत साथी और माई ब्लू हैप्टिक वेस्ट प्रदर्शित किए गए। ये नवाचार दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने में बेहद मददगार साबित होंगे।
दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन और संचार सुधारने के लिए बिना इंटरनेट ट्रैकिंग हेतु यात्रा कवच और मेश लिंक पेश किए गए। इसके अलावा संकरी सड़कों के लिए हिम घाटी एआई जैसे आधुनिक मॉडल प्रदर्शित हुए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर, निदेशक रोहित ठाकुर, प्रो. राजीव खंडूजा और प्रधानाचार्य नीरज उप्पल मौजूद रहे।
