सोलन के डगशाई स्थित प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल में जूनियर छात्र से रैगिंग और मारपीट, पांच सीनियर छात्र सस्पेंड व केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक मशहूर प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। यहां जूनियर छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए पांच सीनियर छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

वहीं स्कूल प्रबंधन ने सख्त कदम उठाते हुए पांचों आरोपी छात्रों को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस ने सोमवार को मामले की जानकारी साझा की। यह सनसनीखेज घटना डगशाई इलाके के जाने-माने स्कूल की है। पांच सितंबर को नौवीं क्लास के छात्र को हॉस्टल के कमरे से जबरन बाहर निकाला गया था।

इसके बाद कुछ सीनियर छात्रों ने मिलकर पीड़ित छात्र की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि इस घटना से स्कूल के जूनियर छात्रों में गहरा खौफ है। उनका दावा है कि आरोपी छात्र पिछले चार महीने से जूनियर बच्चों से रैगिंग, गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।

परिजनों के अनुसार सभी आरोपी छात्र पंजाब के रहने वाले हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कुछ सीनियर छात्रों के पास हथियार रहते हैं। इससे छोटे बच्चों में बहुत ज्यादा डर और मानसिक तनाव बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और डगशाई पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी वर्मा ने कहा कि शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News