Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट के गोपालपुर में हुए सनसनीखेज सिया हत्याकांड मामले में जल्द ही बड़ा फैसला आने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा चालान पेश किए जाने के बाद महज तीन महीने के भीतर ट्रायल कोर्ट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मामले में अंतिम बहस जारी है और दीपावली के आसपास अदालत इस पर सजा का ऐलान कर सकती है।
43 गवाहों के बयान और 200 पन्नों का चालान पेश
सरकाघाट की अतिरिक्त सत्र न्यायालय में इस हाई-प्रोफाइल मामले के सभी 43 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस की तरफ से अदालत में 200 से अधिक पन्नों का चालान पेश किया गया था, जिसमें गवाहों के बयानों के साथ-साथ फोरेंसिक, वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। इस मामले में 30 जुलाई से फास्ट ट्रैक के तहत ट्रायल शुरू हुआ था, जिसके तहत लगातार गवाहियां दर्ज की गईं।
क्या था पूरा मामला और क्यों हुआ था जनआक्रोश
गौरतलब है कि 13 अप्रैल, 2026 को गोपालपुर में कॉलेज छात्रा सिया अपने घर से सरकाघाट कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे आरोपी विकास पटियाल ने सनक में आकर दराट से हमला कर उसका गला रेत दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतका सिया बी-वॉक वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई कर रही थी और उसके पिता पेशे से ट्रक चालक हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे हिमाचल प्रदेश में भारी रोष देखा गया था और जगह-जगह प्रदर्शन कर इंसाफ की मांग की गई थी। अब अदालत के फैसले से पीड़ित परिवार और प्रदेशवासियों को न्याय मिलने की उम्मीद है।