गुरुग्राम के बादशाहपुर में सीएम फ्लाइंग का छापा: अवैध रूप से बेचे जा रहे 586 किलो पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Gurugram News: हरियाणा में पटाखों की अवैध बिक्री पर शिकंजा कसते हुए सीएम फ्लाइंग स्क्वाड ने गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने आरआर कॉलोनी में घर के बाहर दुकान लगाकर अवैध रूप से पटाखे बेच रहे एक किराएदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 अलग-अलग प्रकार के कुल 586 किलोग्राम पटाखे बरामद कर बादशाहपुर थाने में केस दर्ज किया गया है।

गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने सोमवार शाम को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने आरआर कॉलोनी में एक दुकान पर अचानक छापेमारी कर एक व्यक्ति को काबू किया और मौके से 586 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग को गुप्त सूचना मिली थी कि बादशाहपुर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर पटाखों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद उप-निरीक्षक नरेंद्र सिंह, एएसआई धर्मबीर और बादशाहपुर थाने से महिला मुख्य सिपाही सीमा की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और आरआर कॉलोनी में छापा मारा गया।

10 प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी जब्त

छापेमारी के दौरान अशोक नामक व्यक्ति के प्लॉट में बने कमरा/दुकान नंबर 20 में किराएदार राजकुमार अवैध रूप से पटाखे बेचता हुआ पाया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। बरामद माल में करीब 10 अलग-अलग किस्मों के बम, रॉकेट, स्काई शॉट और अन्य पटाखे शामिल थे। महिला मुख्य सिपाही सीमा ने नियमानुसार सभी पटाखों को गत्ता पेटियों और प्लास्टिक के कट्टों में सील कर जब्त किया।

भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज

महिला मुख्य सिपाही सीमा की शिकायत पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ बादशाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 और 125 सहित 98 इंडियन एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पटाखों की आपूर्ति और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News