Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत नाहन में रूण नदी के तेज बहाव में फंसे बुजुर्ग को सेना के हेलीकॉप्टर ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बुजुर्ग बनारसी दास करीब पांच घंटे तक बीच धारा में फंसे रहे।
बुजुर्ग को बचाने के लिए रस्सी के सहारे उतरा जलशक्ति विभाग का कर्मचारी भी बहाव में फंस गया था। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने राहत अभियान तेज किया। एनडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारी को सुरक्षित निकाला, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।
ड्रोन से प्रयास रहा विफल, सेना ने संभाला मोर्चा
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने बुजुर्ग तक पहुंचने के लिए ड्रोन से भी प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव में सफलता नहीं मिली। इसके बाद नाहन के विधायक और पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से हेलीकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया। सूचना मिलते ही सेना की टीम मौके पर पहुंची और एयरलिफ्ट अभियान शुरू किया।
अंधेरे के बीच सेना के जांबाज जवानों ने नदी के बीच से बुजुर्ग बनारसी दास को सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट किया। एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए सहारनपुर सेना अस्पताल ले जाया गया। स्वास्थ्य लाभ के बाद प्रशासन उन्हें सुरक्षित नाहन स्थित घर पहुंचाएगा।