नाहन में स्वागत द्वार लगाने को लेकर दो गुटों में खूनी झड़प, पुलिस पर पथराव और तहसीलदार की गाड़ी तोड़ी

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के नाहन में ‘वेलकम गेट’ लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया। उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और सुलह कराने पहुंचे तहसीलदार की सरकारी गाड़ी तोड़ दी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार को वाल्मीकि चौक पर गेट लगाने को लेकर विवाद हुआ था। गोविंदगढ़ निवासी वाल्मीकि चौक से दिल्ली गेट रोड पर गेट लगा रहे थे, जिसका वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने कड़ा विरोध किया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में ईंट, पत्थर और बोतलें चलने लगीं।

तहसीलदार के वाहन पर हमला, मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। इसके बाद जब नाहन के तहसीलदार समझौता कराने पहुंचे, तो भीड़ ने उनकी गाड़ी को डंडों और पत्थरों से तोड़ डाला। कई निजी और सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

एसपी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने बीएनएस और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News