Nahan News: सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में स्वागत द्वार की मरम्मत को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पथराव हुआ। उपद्रव के दौरान थाना प्रभारी (एसएचओ) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई और एक दुकान में आग लगा दी गई। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला। महर्षि वाल्मीकि चौक पर एक स्वागत द्वार की मरम्मत और लगाने के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हालात बेकाबू होते देख स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस और प्रशासन को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का सहारा लेना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि चौक पर स्थित पुराने क्षतिग्रस्त स्वागत द्वार की मरम्मत को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इसके बाद वाल्मीकि मोहल्ला और गोविंदगढ़ मोहल्ला के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से लाठियों, डंडों, ईंट-पत्थरों और कांच की बोतलों से पथराव शुरू हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव हुआ, जिसमें थाना प्रभारी (एसएचओ) के सिर पर गंभीर चोट आई है। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त, दुकान में लगाई आग
संघर्ष के दौरान उपद्रवियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बनाया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार नाहन के सरकारी वाहन पर पथराव किया गया, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ की दुकान में आग लगा दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नाहन, डीएसपी मुख्यालय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभालने की कोशिश की।
नेशनल हाईवे पर लगा जाम, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए इस विवाद के कारण नाहन शहर की सामान्य आवाजाही और नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन करीब दो घंटे तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दोपहर बाद तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।