Paonta Sahib News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित पांवटा साहिब में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर बने यमुना पुल से एक व्यक्ति अचानक नदी में कूद गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गोविंद घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
यह पूरी घटना गोविंद घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई है। फुटेज में देखा गया कि व्यक्ति सामान्य रूप से पुल पर पहुंचा। कुछ देर तक पानी की गहराई देखने के बाद उसने सीधे नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से उस व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नदी में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान 54 वर्षीय नितिन गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में चल रहे थे। इस अनहोनी की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
नदी में गोताखोरों की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। व्यक्ति का पता लगाने के लिए गोताखोरों की टीम यमुना नदी की तेज लहरों के बीच लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से भी जरूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।