कालाअम्ब में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो लोगों की दर्दनाक मौत, हरियाणा में चालक गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल के सीमांत औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में शनिवार रात बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। त्रिलोकपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने गलत दिशा में जाकर बाइक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बैरिकेड तोड़कर हरियाणा सीमा में भागा, जिसे बाद में पकड़ लिया गया।

कंपनी गेट के सामने गलत दिशा से आए ट्रक ने बाइक को कुचला

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक हादसा शनिवार रात करीब सवा नौ बजे जे. अलाय कंपनी के गेट के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शी सतीश कुमार ने बताया कि त्रिलोकपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने अपनी सही दिशा में जा रही बाइक को सीधी टक्कर मारी। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरे और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया।

इस भीषण हादसे में कांगड़ा के ज्वाली निवासी ज्ञान सिंह और बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुरदीप कुमार की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस शिकायत में स्पष्ट हुआ है कि ट्रक चालक बेहद तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिससे यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना पेश आई।

हरियाणा सीमा में बैरियर तोड़कर घुसा ट्रक, वाहनों और दुकान को नुकसान

हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक समेत हिमाचल-हरियाणा बॉर्डर की तरफ फरार हो गया। सीमा पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए ट्रक हरियाणा में घुसा और वहां भी एक दुकान समेत कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हरियाणा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को अपनी हिरासत में ले लिया है।

एसपी सिरमौर ने की गिरफ्तारी की पुष्टि, दोनों राज्यों की पुलिस जुटी जांच में

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने जानकारी दी कि पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हिमाचल पुलिस लगातार हरियाणा पुलिस के संपर्क में रहकर सीमा पार हुए नुकसान और पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़कर विस्तृत जांच आगे बढ़ा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News