Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर एक युवती से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। शातिरों ने सीबीआई और पुलिस अधिकारी बनकर पीड़िता को केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद डर का फायदा उठाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पच्छाद पुलिस थाना के तहत आने वाले सराहन निवासी भावना शर्मा ने इस साइबर क्राइम की शिकायत 1930 हेल्पलाइन पर दर्ज करवाई है। पीड़िता ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक शॉपिंग पेज देखा था। इसके जरिए उसने कुछ सामान ऑर्डर करने का मन बनाया और फिर पेज के संचालक से बातचीत कर ऑर्डर बुक कर दिया।
सामान ऑर्डर करने के कुछ दिनों बाद युवती के पास एक अनजान नंबर से फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टम विभाग का कर्मचारी बताया। उसने दावा किया कि पीड़िता का सामान कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। शातिर ने सामान छुड़ाने के लिए तुरंत जुर्माना भरने की बात कही और दबाव बनाना शुरू किया।
जब पीड़िता ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और सीबीआई से गिरफ्तार करवाने की धमकी दी। इसके बाद शातिर लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करके पीड़िता को डराने लगे। उन्होंने पीड़ित युवती से कहा कि जैसा वे कहेंगे, वैसा करने पर ही उसे केस से बाहर निकाला जाएगा।
शातिर अपराधियों ने दिन-रात लगातार कॉल करके युवती पर मानसिक दबाव बनाया। फोन करने वाले लोग खुद को सीबीआई और पुलिस विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बता रहे थे। पीड़िता को विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर पुलिस और सीबीआई अधिकारियों की तस्वीरें भी लगा रखी थीं, जिससे युवती झांसे में आ गई।
डरी हुई पीड़िता ने शातिरों की बातों में आकर कुल 5,64,000 रुपये उनके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पच्छाद थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से अगली जांच कर रही है।
