Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रेम विवाह के दूसरे दिन दूल्हे पर जानलेवा हमला हुआ है। ससुराल पहुंचे पच्चीस वर्षीय युवक का उसके चाचा ससुर ने ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
यह सनसनीखेज वारदात चौदह अक्तूबर की शाम को सामने आई। बहड़ाला निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को अपनी लिखित शिकायत सौंपी है। पीड़ित ने हरोली क्षेत्र के पंजावर निवासी जागीर सिंह समेत तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पीड़ित युवक विदेश में नौकरी करता है और तीन महीने पहले छुट्टी पर घर आया था। वह फिलहाल नननिहाल नगनोली में रह रहा था। उसने तेरह अक्तूबर को परिजनों की रजामंदी से पंजावर की युवती से इंटरकास्ट लव मैरिज की थी। शादी के अगले ही दिन वह अपनी नई नवेली ससुराल मिलने गया था।
ससुराल में बातचीत के दौरान अचानक हुआ जानलेवा हमला
शिकायत के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे युवक अपनी पत्नी और साली के साथ कमरे में बैठा था। उसी दौरान दुल्हन का चाचा जागीर सिंह दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। वे युवक से दूसरी जाति में शादी करने को लेकर बहस करने लगे और गाली-गलौज पर उतर आए।
विवाद बढ़ने पर आरोपी चाचा ने नीचे पड़ी ईंट उठाकर दूल्हे के सिर पर दे मारी। इसके अलावा दलजीत सिंह और जशन ने भी युवक के साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित की पत्नी और साली ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। हमले के चलते युवक का सिर लहूलुहान हो गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को भदसाली अस्पताल में भर्ती कराया। पंडोगा पुलिस चौकी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-173 के तहत पीड़ित का बयान दर्ज हुआ। ऊना के एसपी सचिन हीरामठ ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
