Shimla News: शिमला के पुलिस थाना ईस्ट ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की चोरी का केस सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस के अनुसार एक पीड़ित ने लोहे के एंगल, शटरिंग प्लेटें और चेक नेट प्लेटें चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत एफआईआर संख्या 64/2026 दर्ज की। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
तकनीकी सबूतों के आधार पर पकड़ाए दोनों आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना ईस्ट की टीम ने तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में घोड़ा चौकी निवासी पवन और समरहिल निवासी मोनल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।
चोरी के अन्य मामलों में जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने चोरी का सामान ढोने में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या ये आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं।