Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जोगिंद्रनगर उपमंडल के लड़भड़ोल क्षेत्र में एक कार के करीब 500 मीटर गहरी खड्ड में गिरने से 6 युवकों की मौत हो गई। मंगलवार रात से लापता इन युवकों की दुर्घटनाग्रस्त कार बुधवार को लड़भड़ोल पेट्रोल पंप के पास खड्ड में मिली। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित जोगिंद्रनगर के लड़भड़ोल क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की जान चली गई। हादसा लड़भड़ोल पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब युवकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे में छह युवकों की मृत्यु की पुष्टि की है।
मंगलवार रात से लापता थे सभी युवक
जानकारी के अनुसार, सभी युवक मंगलवार को अपने घरों से निकले थे और लड़भड़ोल बाजार के व्यापारियों व दुकानदारों के परिवारों से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वे सिमस क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
मंगलवार रात घर न लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान लड़भड़ोल पेट्रोल पंप के समीप खड्ड में दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत नीचे उतरकर युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलने पर लड़भड़ोल पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को खड्ड किनारे से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक 18 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के थे। पुलिस व स्थानीय जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- यश, पुत्र राम लाल, निवासी डाकघर सिमस, लड़भड़ोल
- आयुष (19), पुत्र विनोद कुमार, निवासी डाकघर सिमस, लड़भड़ोल
- पंकज, पुत्र पराक्रम, निवासी गांव गवाला
- आदित्य (18), पुत्र अजय कुमार, निवासी गांव बलोह
- अर्नव, पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी गांव बलोह
- नूजू, पुत्र नवीन राय, निवासी गांव सिमस
विधायक प्रकाश राणा ने जताया शोक
घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक हादसा। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लड़भड़ोल में हुए भीषण सड़क हादसे में 6 युवा जिंदगियों के असमय समाप्त होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्ध कर देने वाला है। इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”