Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के कुल 82,564 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 14,754 पद वर्तमान में रिक्त चल रहे हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा में विधायक डॉ. हंसराज के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। सरकार के अनुसार, इन रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है।
देश में सर्वश्रेष्ठ है प्रदेश का छात्र-अध्यापक अनुपात
सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब में दावा किया गया है कि हिमाचल प्रदेश में छात्र-अध्यापक अनुपात (पीटीआर) देश में सर्वश्रेष्ठ है। आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में प्राथमिक स्तर पर 12 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक, माध्यमिक स्तर पर 11 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक और उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर 10 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की कमी से बड़ी चुनौती उन स्कूलों की अधिक संख्या है, जहां विद्यार्थियों की दर्ज संख्या बहुत कम है। इससे उपलब्ध मानव संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में कठिनाई आ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार शिक्षण संस्थानों के युक्तीकरण (रेशनलाइजेशन) और संसाधनों के उचित उपयोग पर जोर दे रही है।
चंबा जिले की स्थिति और अब तक हुई भर्तियां
एक अन्य मामले में विधायक सुधीर शर्मा के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया कि चंबा जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के कुल 7,828 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 1,620 पद खाली हैं। इसके अतिरिक्त, इनमें से 5,519 पदों को पूल में रखा गया है।
भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सरकार ने बताया कि वर्ष 2023 से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न माध्यमों से कुल 5,725 शिक्षकों की नियुक्तियां की गई हैं। इनमें से 2,375 नियुक्तियां बैचवाइज आधार पर की गईं। हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल शिक्षक भर्ती के लिए कोई निश्चित कैलेंडर प्रस्तावित नहीं है। इसके अलावा, शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीईटी) के 93 बैकलॉग पदों की भर्ती प्रक्रिया हाईकोर्ट में मामला लंबित होने के कारण रुकी हुई है।