Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पास घंडल में नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बागीपुल से शिमला आ रही एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बस और एक कार की जोरदार टक्कर में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज आईजीएमसी में जारी है।
आईजीएमसी अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित किया
सड़क दुर्घटना वीरवार दोपहर करीब एक बजे पेश आई, जब दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। जोरदार भिड़ंत के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को शिमला पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
कार में सवार सभी पीड़ित सोलन जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह दर्दनाक दुर्घटना किस चालक की लापरवाही से हुई। मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
