हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और शिमला में लगातार आ रहे भूकंप के झटके, 72 घंटे में तीसरी बार डोली धरती

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, सुबह 10 बजकर 11 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। गनीमत यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय निवासी इंद्रजीत सिंह भानू ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो अचानक कुछ हिला हो।

72 घंटे में तीसरी बार डोली हिमाचल की धरती

राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार भूकंप के झटके दर्ज किए जा रहे हैं। लाहौल-स्पीति से पहले 11 नवंबर की रात को शिमला जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। महज 72 घंटे के भीतर राज्य में धरती तीसरी बार डोली है।

शिमला में 11 नवंबर की रात करीब नौ बजकर 50 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 3.9 रिक्टर स्केल मापी गई थी। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के ये झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए, जिससे जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्रों के लोग सहम गए। ये दोनों क्षेत्र राज्य की राजधानी शिमला से लगभग 90 से 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र शिमला जिले में 31.118 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.00 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि शिमला या आसपास के इलाकों में भी किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

भूकंपीय जोन के लिहाज से बेहद संवेदनशील है हिमाचल

भौगोलिक दृष्टि से हिमाचल प्रदेश भूकंप के अत्यधिक संवेदनशील जोन चार और पांच के अंतर्गत आता है। कुछ महीने पहले भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की ओर से एक नया भूकंपीय मानचित्र प्रस्तावित किया गया था, जिसमें पूरे राज्य को उच्च जोखिम वाले जोन छह में शामिल करने का सुझाव दिया गया था। हालांकि, बाद में केंद्र सरकार ने इस प्रस्तावित वर्गीकरण को वापस ले लिया और भूकंपीय क्षेत्रों के पुराने एवं मौजूदा मानकों को ही बरकरार रखा है। लगातार आ रहे इन भूकंपीय झटकों के बाद से स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News