Shimla News: हिमाचल प्रदेश में करीब एक महीने से चला आ रहा शुष्क मौसम (ड्राई स्पेल) का दौर आखिरकार थम गया है। राज्य के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग और शिंकुला की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है, जबकि रोहतांग दर्रे में चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फ के फाहों का आनंद लेने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में मढ़ी पहुंचे हैं। इसके अलावा, राजधानी शिमला, कांगड़ा और बिलासपुर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है और मनाली समेत अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदला मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण मौसम में यह बदलाव आया है, जो 16 नवंबर से कमजोर पड़ना शुरू होगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानी 15 नवंबर तक राज्य में मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई है। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट आई है, जिससे कड़ाके की ठिठुरन बढ़ गई है।
इन जिलों में आंधी-तूफान और बर्फबारी का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार (13 नवंबर) के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके साथ ही चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के आसार जताए गए हैं। खराब मौसम के कारण निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी ठिठुरन में इजाफा हुआ है।
अगले 72 घंटों में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, 16 नवंबर के बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकेगी। फिलहाल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों और सैलानियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।