Shimla News: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण 134 सड़कें पूरी तरह बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने राज्य में जताया बाढ़ का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ इलाकों में कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका बनी हुई है। पूरे राज्य में 31 जुलाई तक बारिश का यह दौर जारी रहने का अनुमान है।
बारिश और भूस्खलन से सैकड़ों सड़कें हुई ठप्प
भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से मंडी में 58 और कुल्लू में 33 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चंबा में 14, सिरमौर में 12, शिमला में सात, कांगड़ा में पांच, लाहौल-स्पीति में चार और ऊना में एक सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही रुक गई है। प्रशासन बंद रास्तों को खोलने का प्रयास कर रहा है।
बिजली और पानी की सप्लाई पर पड़ा असर
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक बारिश के कारण 35 वॉटर सप्लाई स्कीम्स और 78 इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसफॉर्मर ठप्प पड़े हैं। राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। इस दौरान धर्मशाला में सबसे ज्यादा 80.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।