Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में एक बार फिर सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में निलंबित हुए इंस्पेक्टर विजय कुमार के बाद अब एक डीएसपी स्तर के अधिकारी पर बिना विभागीय अनुमति के सोशल मीडिया पर ज्योतिष क्लास चलाने और आर्थिक लाभ कमाने का गंभीर आरोप लगा है।
पुलिस मुख्यालय ने भेजा डीएसपी को कारण बताओ नोटिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित डीएसपी बिना किसी सरकारी अनुमति के यूट्यूब चैनल पर ज्योतिष से जुड़े वीडियो प्रसारित कर रहे थे। इसके अलावा वे ऑनलाइन कोर्स के जरिए पैसे भी जुटा रहे थे। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जांच अधिकारियों द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों से पता चला है कि यूट्यूब चैनल पर वैदिक ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र और राशिफल से संबंधित ढेरों वीडियो मौजूद हैं। इन सभी वीडियो में अधिकारी का चेहरा बिल्कुल साफ दिख रहा है। हालांकि, उन्होंने पूरे कंटेंट में कहीं भी खुद को पुलिस अधिकारी नहीं बताया है और न ही वर्दी का इस्तेमाल किया है।
ऑनलाइन बेसिक नक्षत्र कोर्स के नाम पर वसूली फीस
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया पेज पर ऑनलाइन बेसिक नक्षत्र कोर्स का प्रचार किया था। इसमें 27 ऑनलाइन क्लास चलाने के बदले पांच हजार रुपये की फीस तय की गई थी। साथ ही संपर्क के लिए वाट्सएप नंबर और ईमेल आइडी दी गई थी, जिससे व्यावसायिक गतिविधि की पुष्टि होती है।
डीएसपी ने दी सफाई पत्नी चलाती हैं यूट्यूब चैनल
इस पूरे विवाद पर डीएसपी का कहना है कि यह उनका और पुलिस मुख्यालय का आंतरिक मामला है। उन्होंने नोटिस का लिखित जवाब भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अपने स्पष्टीकरण में अधिकारी ने दावा किया है कि इस यूट्यूब चैनल से उनका सीधा संबंध नहीं है, बल्कि इसका पूरा संचालन उनकी पत्नी द्वारा किया जाता है।
पुलिस विभाग के सेवा एवं आचरण नियमों के तहत किसी भी सेवारत अधिकारी को व्यवसाय या आय वाले काम के लिए पहले मंजूरी लेना अनिवार्य है। फिलहाल विभाग इस मामले से जुड़े सभी सबूतों और डीएसपी के जवाब का बारीकी से परीक्षण कर रहा है, ताकि नियमों के उल्लंघन पर अगली कार्रवाई तय की जा सके।