Shimla News: हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने शिमला के चक्कर स्थित पार्टी मुख्यालय दीपकमल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा सितंबर में प्रदेश के 170 स्थानों पर जन आंदोलन करेगी।
अगस्त में 121 स्थानों पर हुआ सफल आंदोलन
डॉ. बिंदल ने बताया कि भाजपा ने अगस्त महीने में 121 जगहों पर स्थानीय मुद्दों को लेकर जन आंदोलन किया। इस दौरान टूटी सड़कों, विकास कार्यों में देरी और जनसमस्याओं को उठाया गया। साथ ही बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को लेकर 17 जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान 17 सितंबर को विकसित भारत के संकल्प के दीपक जलाए जाएंगे और युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर लगेंगे।
लॉटरी व्यवस्था शुरू करने पर सरकार पर साधा निशाना
राज्य में लॉटरी व्यवस्था दोबारा शुरू करने के प्रस्ताव पर डॉ. बिंदल ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राजस्व जुटाने के लिए प्रदेश के परिवारों के भविष्य को दांव पर नहीं लगाया जा सकता। पूर्व धूमल सरकार ने इसके सामाजिक दुष्परिणामों को देखकर इसे पूरी तरह बंद किया था।