Shimla News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को लोकभवन के बाहर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
इस प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी प्रमुख रूप से शामिल हुए। उनके साथ कई कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना कड़ा विरोध जताया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अन्य सांसदों को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने इसे महज जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संविधान, असहमति और आम जनता की आवाज पर सीधा हमला करार दिया।
सुक्खू ने तीखा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जिसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, उसे पूरी तरह संरक्षण मिल रहा है। इसके विपरीत जो नेता जनता की आवाज बनकर सड़क पर खड़ा है, उसे जबरन हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि आखिर यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाई जा रही है?
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने से जनता के सवाल कभी खत्म नहीं होंगे। देश की जनता सब कुछ देख रही है और वक्त आने पर जवाबदेही तय होकर रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सरकार नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार खो चुकी है।
गंभीर आरोप लगाते हुए सुक्खू ने कहा कि देश में वोट चोरी करके सत्ता हासिल की जा रही है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे और पोते राहुल गांधी को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वीरवार को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।