Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित पांवटा साहिब के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यमुना कुल्हाल पुल पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
यमुना नदी पर बने कुल्हाल पुल पर यह हादसा रात करीब 10:35 बजे हुआ। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से पांवटा साहिब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान हो गई है। इनमें 32 वर्षीय तरसेम सिंह (शिलाई, सिरमौर), 37 वर्षीय अमित कुमार (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) और सोनू (ग्रेटर नोएडा, दिल्ली) शामिल हैं। पांवटा साहिब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने पुष्टि की है।