दीवाली के बाद 13 नवंबर को होगी हिमाचल कैबिनेट की बैठक, नौकरियों और शीतकालीन सत्र पर लिए जाएंगे बड़े फैसले

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक अब दीवाली के बाद 13 नवंबर को आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर 2:30 बजे राज्य सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल में होगी। बैठक में रोजगार सृजन, विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने और धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर अहम फैसले लिए जाने की संभावना है।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने बैठक के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले यह बैठक 7 नवंबर को प्रस्तावित की गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 13 नवंबर को होने वाली इस बैठक में प्रदेश में 50 हजार रोजगार उपलब्ध कराने के सरकार के लक्ष्य के तहत नए पद सृजित करने और रिक्त पदों को भरने से जुड़े प्रस्ताव विचार के लिए रखे जाएंगे। साथ ही कर्मचारियों व पेंशनरों से जुड़े लंबित वित्तीय और नीतिगत मामलों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

धर्मशाला शीतकालीन सत्र और नए विधेयकों पर होगी चर्चा

मंत्रिमंडल की बैठक का एक प्रमुख एजेंडा धर्मशाला के तपोवन में 16 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित विधानसभा का शीतकालीन सत्र रहेगा। सत्र के दौरान सदन के पटल पर रखे जाने वाले नए विधेयकों और नीतिगत मामलों को मंजूरी देने के लिहाज से यह कैबिनेट बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में विभिन्न विभागों के विधायी प्रस्तावों पर मुहर लगाई जाएगी, जिससे सत्र के दौरान विधायी कामकाज सुचारू रूप से चल सके।

शीतकालीन प्रवास और सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की बनेगी रूपरेखा

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के समापन के बाद मुख्यमंत्री के संभावित शीतकालीन प्रवास को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी जनसंपर्क कार्यक्रम ‘सरकार गांव के द्वार’ की आगामी रूपरेखा और प्रशासनिक तैयारियों पर भी मंत्रिमंडल विचार-विमर्श कर सकता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News