Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंडोह के पास कुकलाह पंचायत का पुल पिछले साल आई भयंकर बाढ़ में बह गया था। एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इस कारण स्थानीय लोगों और स्कूली छात्रों को रोजाना उफनती खड्ड पार करनी पड़ रही है।
पानी बढ़ने पर महीनों बंद रहता है स्कूल, पढ़ाई पर असर
स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान लक्ष्मण सिंह ने बताया कि भारी बारिश में पानी का बहाव बहुत तेज हो जाता है। बच्चों की जान बचाने के लिए स्कूल में छुट्टी करनी पड़ती है। कई बार बच्चे लगातार दो से तीन महीने तक स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई पूरी तरह रुक जाती है।
बीस लाख का बजट मंजूर, मगर सामग्री न पहुंचने से निर्माण रुका
मिडल स्कूल के मुख्याध्यापक कमलेश कुमार के अनुसार नए भवन के लिए करीब बीस लाख रुपए की मंजूरी मिल चुकी है। सड़क और पुल न होने की वजह से मौके पर निर्माण सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। इस मजबूरी के चलते पूरा स्कूल सिर्फ एक कमरे में चलाने को विवश होना पड़ रहा है।
वार्ड पंच ने सुरक्षित व्यवस्था की मांग उठाई, विभाग ने दिया जवाब
वार्ड पंच सविता देवी ने सरकार से मांग की है कि पक्के पुल के बनने तक तुरंत कोई मजबूत वैकल्पिक रास्ता बनाया जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग के एक्सियन दुष्यंत पाल ने बताया कि नए पुल की मंजूरी का मामला सरकार को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त कच्चे रास्ते को दोबारा तैयार किया जा रहा है।