Sundernagar News: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुंदरनगर ने वीरवार को लोकतंत्र बचाओ मुहिम के तहत केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी और दिल्ली में नेताओं पर पुलिस एक्शन के खिलाफ मार्च निकाला। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ नारे लगाए। नेताओं ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और कथित वोट चोरी के मामले पर चिंता जताते हुए पूरी व्यवस्था को निष्पक्ष बनाने की बात कही।
दिल्ली पुलिस एक्शन पर भड़की कांग्रेस, निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में चुनाव आयोग से जवाब मांगने पहुंचे इंडिया गठबंधन के सांसदों से पुलिस ने गलत बर्ताव किया। एआईसीसी के आह्वान पर देशभर में शांतिपूर्ण सवाल पूछे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार पुलिस की ताकत दिखाकर विपक्ष की आवाज को जबरन दबाने में लगी है।
जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अगुवाई में राष्ट्रपति को भेजे मांग पत्र में निर्वाचन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता की मांग की गई। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पूरी घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल प्रभाव से अपने पदों से इस्तीफा देने की मांग रखी गई।
इस बड़े विरोध प्रदर्शन में उपाध्यक्ष देवेंद्र कौशल, महासचिव चुनीलाल अवस्थी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत शर्मा और युवा कांग्रेस अध्यक्ष हितेश शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही दर्जनों अन्य प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया।