हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला: ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठिठुरन, येलो अलर्ट जारी

Share

- Advertisement -

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही ताजा बर्फबारी के चलते पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर के अलावा कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का दौर शुरू हो गया है, जबकि रोहतांग पास और मढ़ी में भी बर्फबारी दर्ज की गई है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर, गुलाबा से आगे वाहनों की आवाजाही रोकी

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सैलानियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर कुल्लू जिला प्रशासन ने गुलाबा से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। साथ ही, पुलिस प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों की तरफ जाने से बचें ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

15 नवंबर तक खराब रहेगा मौसम, तापमान में भारी गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में अभी मौसम के तेवर कड़े बने रहेंगे। विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में गरज के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। 14 और 15 नवंबर को भी उच्च पर्वतीय व मध्यवर्ती इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है, हालांकि 16 से 19 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान केलांग में 3.0 मिमी, कुकुमसेरी में 2.4 मिमी और सराहन में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर, धर्मशाला, पालमपुर और कांगड़ा में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है। बर्फबारी और बारिश के कारण जनजातीय क्षेत्रों में पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है, जिसमें कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News