हिमाचल प्रदेश की राजनीति में हलचल: सीएम सुक्खू से मिले बीजेपी विधायक अनिल शर्मा, कौल सिंह ने खींचा हाथ

Share

- Advertisement -

Mandi: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में एंटी चिट्टा वॉकथॉन रैली के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और बीजेपी विधायक अनिल शर्मा की मुलाकात ने सूबे की सियासत में चर्चाएं तेज कर दी हैं। हैलीपेड पर स्वागत से लेकर मैदान में कांग्रेस नेताओं के साथ गर्मजोशी भरे अंदाज ने राजनीतिक गलियारों में नए कयासों को जन्म दे दिया है।

मंडी के कांगनीधार हैलीपेड पर शुक्रवार को जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से हेलीकॉप्टर के जरिए उतरे, तो मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम सुक्खू ने सुरक्षा कर्मियों को चिट्टा रैली से जुड़ी ड्रेस अनिल शर्मा को पहनाने के लिए भी दी, हालांकि उन्होंने उसे पहना नहीं। इसके बाद पड्डल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब अनिल शर्मा रैली की ओर बढ़ रहे थे, तो पद्ध से कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने हंसते हुए उनका हाथ पकड़ा और अपने साथ खींचकर ले गए। इस दौरान अनिल शर्मा पीछे चलते हुए नजर आए और बाद में मुस्कुराते हुए दिखाई दिए।

अनिल शर्मा के हालिया बयानों से गरमाई सियासत

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के चर्चा में आने की एक बड़ी वजह अनिल शर्मा का हालिया वह बयान भी है, जिसमें उन्होंने भाजपा के तीन सांसदों से कोटली में पार्किंग के लिए पैसा मांगने और मदद न मिलने का जिक्र किया था। सार्वजनिक मंच से “इन तिलों में तेल नहीं है” वाला बयान देने के बाद से ही उनके पार्टी बदलने या नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहले ही कह चुके हैं कि इस बयान पर संगठन के स्तर पर चर्चा की जाएगी और मीडिया में इस पर बोलना उचित नहीं है।

कार्यक्रम में मिला विशेष तवज्जो

आमतौर पर कांग्रेस सरकार के आयोजनों में विपक्षी दलों के विधायकों को वह तवज्जो नहीं मिलती, जो इस बार मंडी में देखने को मिली। मंडी के इस कार्यक्रम में बाकायदा पट्टिका पर भाजपा विधायक अनिल शर्मा का नाम लिखा गया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके पीछे एक वजह यह भी हो सकती है कि सीएम सुक्खू के साथ पंडित सुखराम के परिवार के रिश्ते लंबे समय से काफी करीबी रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान अनिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री के मंडी पहुंचने पर स्वागत करने और जिला लाइब्रेरी के भवन का शिलान्यास करने की जानकारी साझा की।

पंडित सुखराम परिवार का राजनीतिक सफर

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुखराम के बेटे अनिल शर्मा कभी कांग्रेस पार्टी का अहम हिस्सा रहे हैं। वह 2012 के वीरभद्र सिंह मंत्रिमंडल में भी मंत्री रह चुके हैं। हालांकि, साल 2017 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस का दामन छोड़कर बीजेपी का रुख किया था। इसके बाद भाजपा सरकार में उन्हें मंत्री पद संभालना पड़ा था, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में जब उनके बेटे आश्रय शर्मा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, तो उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बावजूद अनिल शर्मा बीजेपी में बने रहे और 2022 का विधानसभा चुनाव उन्होंने भाजपा के टिकट पर ही जीता था।

मंडी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान घटे इन तमाम सियासी घटनाक्रमों ने एक बार फिर हिमाचल की राजनीति में सुगबुगाहट तेज कर दी है, हालांकि अनिल शर्मा की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक बयान सामने नहीं आया है।

Right News Desk
Right News Desk
राइट न्यूज़ (Rightnews.in) — निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकार की सशक्त आवाज़ पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक संवेदनशील और गंभीर ज़िम्मेदारी है। Rightnews.in पिछले 9 से अधिक वर्षों के समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाने के लिए निरंतर समर्पित है। आज की डिजिटल पत्रकारिता के दौर में जहाँ भ्रामक जानकारियों और जल्दबाजी की होड़ है, हमारा न्यूज़ डेस्क हर सूचना को सख्त मानकों पर परखता है। हमारा प्राथमिक संकल्प केवल खबर देना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई तक जाकर सच्चाई को सामने लाना है। स्थानीय समस्याओं से लेकर राष्ट्रीय विमर्श तक, जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाना हमारा कर्तव्य है। हमारा उद्देश्य: सत्य और प्रामाणिकता: हर खबर को पूरी छानबीन और पुष्टि के बाद ही पाठकों तक पहुँचाना। निष्पक्ष दृष्टिकोण: बिना किसी पूर्वाग्रह, दबाव या पक्षपात के स्वतंत्र और संतुलित पत्रकारिता। जनसरोकार: आम जनता के बुनियादी मुद्दों, समस्याओं और अधिकारों को प्राथमिकता देना। संपर्क सूत्र: आधिकारिक वेबसाइट: rightnews.in समाचार, प्रेस विज्ञप्ति एवं सुझाव: news@rightnews.in संपादकीय विभाग: editor@rightnews.in प्रशासनिक संपर्क: admin@rightnews.in विज्ञापन एवं व्यावसायिक पूछताछ: ads@rightnews.in ट्रैफिक: वेबसाइट: 10 लाख से ज्यादा हर महीने फेसबुक: 5 करोड़ से ज्यादा हर महीने

Read more

Related News