Kullu News: पर्यटन नगरी कुल्लू को स्वच्छ रखने के लिए उपमंडल प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। नगर परिषद के सभी 11 वार्डों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर खुले में कूड़ा फेंकने और सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए शहर भर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीएम की निगरानी में बनीं 4 विशेष संयुक्त टीमें
शहर के 11 वार्डों को निगरानी के लिए 4 प्रमुख ग्रुप्स में बांटा गया है। एसडीएम की अध्यक्षता में बनी इन कमेटियों में पुलिस, ट्रांसपोर्ट, हेल्थ, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और नगर परिषद के अधिकारियों को शामिल किया गया है। ये टीमें अलॉट किए गए एरिया में रेगुलर पेट्रोलिंग कर रही हैं और नियमों की जांच में जुटी हैं।
75 दुकानों की चेकिंग में 6 चालान और जुर्माना
हालिया चेकिंग के दौरान प्रशासनिक टीमों ने वार्ड 1, 2 और 3 के करीब 75 कमर्शियल आउटलेट्स की जांच की। नियमों के उल्लंघन पर 6 दुकानदारों के चालान काटते हुए 8,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा दुकानों से पॉलिथीन कैरी बैग्स और प्लास्टिक कटलरी जैसी प्रतिबंधित सामग्री भारी मात्रा में जब्त की गई।
कचरा फैलाने पर भारी जुर्माना लगाने का कड़ा प्रावधान
प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के तहत प्लास्टिक की जब्ती पर 500 से 25,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं खुले में कचरा फेंकने पर दुकानों को 5,000 और आम नागरिक को 1,000 रुपये पेनल्टी देनी होगी। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और टूरिस्ट्स से शहर को साफ रखने में सहयोग की अपील की है।