हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर में ही जमने लगे पहाड़, रोहतांग में बर्फबारी, 15 अक्टूबर तक अंधड़ और बारिश का येलो अलर्ट जारी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर महीने में ही ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रोहतांग दर्रे समेत राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और बारिश हुई है।

जनजातीय जिले लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में पारा गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में तेज आंधी और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है।

रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम का असर दिखाई दिया। रोहतांग दर्रे समेत ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। इससे मैदानी और पर्वतीय इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है। शिमला और मनाली में लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा ताबो में 3.4 डिग्री, कल्पा में 6.0 डिग्री, कुफरी में 8.3 डिग्री और मनाली में 10.1 डिग्री रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया।

अन्य इलाकों में पालमपुर में 13.5 डिग्री, बजौरा में 13.8 डिग्री, भुंतर व सोलन में 14.0-14.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी व भरमौर में 15.0-15.0 डिग्री, चंबा में 16.4 डिग्री और सुंदरनगर में 16.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। वहीं देहरा गोपीपुर में 17.0 डिग्री दर्ज हुआ।

नाहन व सराहन में 17.1-17.1 डिग्री, धर्मशाला में 17.4 डिग्री, मंडी में 17.6 डिग्री, कांगड़ा में 18.2 डिग्री, बरठीं में 18.7 डिग्री, नेरी में 19.3 डिग्री, ऊना में 19.4 डिग्री, बिलासपुर में 20.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 22.0 डिग्री दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में शिमला के सराहन में सबसे ज्यादा 30.1 मिलीमीटर बारिश हुई। पालमपुर में 6.0 मिलीमीटर और सुंदरनगर में 5.6 मिलीमीटर पानी बरसा। मनाली में 1.0 मिलीमीटर, धर्मशाला में 1.1 मिलीमीटर और कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सराहन व पालमपुर में ओले गिरे।

मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक ज्यादातर जगहों पर मौसम खराब रहेगा। अंधड़ और बिजली का येलो अलर्ट जारी है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है, लेकिन इन दो दिनों के लिए चेतावनी जारी नहीं है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News