Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक भयानक हादसा होते-होते बच गया। यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद गाड़ी अनियंत्रित हो गई। चालक ने मुस्तैदी दिखाते हुए सूझबूझ से बस को संभाला और सतलुज नदी में गिरने से बचा लिया।
हादसे के समय बस में 17 यात्री सवार थे। अचानक ब्रेक फेल होने पर यात्रियों में चीख-पुकार और डर का माहौल बन गया। हालांकि चालक ने संयम बनाए रखा और बस को सही समय पर सुरक्षित स्थान पर रोक लिया। इससे सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।
यह बस किन्नौर क्षेत्र में अपने तय रूट पर जा रही थी। अचानक पहाड़ी रास्ते पर बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यह बस पहले भी 6 बार खराब हो चुकी थी। इसके बावजूद इसे सड़क पर उतारने को लेकर लोगों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।
यात्रियों ने बसों के रखरखाव और मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहाड़ी रास्तों पर चलने वाली गाड़ियों की नियमित जांच बहुत जरूरी है। खस्ताहाल बसों को सड़कों पर चलाना यात्रियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। लोगों ने परिवहन विभाग से पुरानी और खराब बसों की कड़ाई से जांच की मांग की है।
घटना के बाद हिमाचल परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। बस में तकनीकी खराबी के कारणों की जांच होगी। जांच में अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
