Delhi News: राज्यसभा में बीजेपी सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट विस्तार का मुद्दा उठाया। जवाब में केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 369.82 एकड़ जमीन की जरूरत है, जो राज्य सरकार को देनी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने विस्तार का पूरा प्लान तैयार कर लिया है। हालांकि राज्य सरकार ने अभी तक जमीन हस्तांतरित नहीं की है। नागरिक उड्डयन नीति 2016 के तहत जमीन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की ही जिम्मेदारी होती है।
हवाई अड्डों के विस्तार में कठिन भूगोल बना बाधा
मुरलीधर मोहोल ने बताया कि कुल्लू-भुंतर और शिमला एयरपोर्ट के रनवे विस्तार में कठिन भौगोलिक परिस्थितियां आड़े आ रही हैं। जगह की सीमा और मुश्किल भू-भाग के कारण वर्तमान में इन हवाई अड्डों का विस्तार करना संभव नहीं है।
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश में हवाई सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि वह जमीन का तुरंत ट्रांसफर करे। इससे पर्यटन, व्यापार और राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि शिमला एयरपोर्ट अभी दिल्ली और धर्मशाला से जुड़ा है। कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली, जेवर, चंडीगढ़ और शिमला की उड़ानें संचालित होती हैं। कुल्लू-भुंतर एयरपोर्ट अमृतसर, दिल्ली और जयपुर से जुड़ा हुआ है।