Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अंतरिम आदेशों की कथित अवहेलना का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आयोग द्वारा 65 रुपए की बढ़ी हुई टोल वसूली पर रोक लगाने के बावजूद घट्टा टोल प्लाजा पर मनमानी जारी रहने पर शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन प्रार्थना पत्र दायर कर NHAI अधिकारियों और टोल प्रभारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
कांगड़ा स्थित जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, धर्मशाला ने 17 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया था। इस आदेश में अगली सुनवाई तक घट्टा टोल प्लाजा पर 65 रुपए की बढ़ी हुई दर से शुल्क वसूलने पर रोक लगाई गई थी और पुरानी दर यानी 25 रुपए के हिसाब से ही शुल्क लेने के निर्देश दिए गए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 अक्टूबर को ई-मेल और प्रत्यक्ष माध्यम से टोल प्रबंधन को इन आदेशों की पूरी जानकारी दे दी गई थी, इसके बावजूद टोल प्लाजा पर धड़ल्ले से 65 रुपए वसूले जा रहे हैं।
उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
आदेशों की सरेआम अवहेलना से नाराज शिकायतकर्ता ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 72 का सहारा लिया है। उन्होंने आयोग में ऑनलाइन प्रार्थना पत्र दाखिल कर संबंधित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों और टोल प्लाजा प्रभारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने, उन्हें तलब करने तथा तुरंत पुरानी दरें बहाल करवाने की सख्त मांग उठाई है। इस मामले के तूल पकड़ने से टोल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।