Shimla News: कालका-शिमला हेरिटेज रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को दिसंबर महीने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. रेलवे ने 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक पांच अप और पांच डाउन ट्रेनों का संचालन रद्द रखने का निर्णय लिया है.
मानसून के दौरान टकसाल के पास रेलवे पुल क्षतिग्रस्त होने से कालका और शिमला के बीच सीधी ट्रेन सेवा प्रभावित हुई है. इसके चलते वर्तमान में केवल धर्मपुर से शिमला के बीच सीमित ट्रेनें चलाई जा रही हैं. सीमित विकल्प होने की वजह से यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
कालका या बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को पहले सड़क मार्ग से धर्मपुर पहुंचना पड़ रहा है. इसके बाद यात्री धर्मपुर रेलवे स्टेशन से शिमला के लिए ट्रेन ले रहे हैं. इस वैकल्पिक व्यवस्था के कारण लोगों का अतिरिक्त समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं.
रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनों की पूरी सूची
रेलवे बोर्ड के जारी आदेश के अनुसार अप दिशा में ट्रेन नंबर 52457, 52451, 52459 और 52455 के साथ अप मिक्स ट्रेन पूरी तरह रद्द रहेगी. डाउन दिशा में ट्रेन नंबर 52458, 52452, 52460 और 52456 के अलावा डाउन मिक्स ट्रेन भी दिसंबर में नहीं चलेगी.
रेलवे प्रशासन के इस फैसले से पूरे दिसंबर महीने में रेल यातायात सीमित रहेगा. फिलहाल केवल एक ही ट्रेन का संचालन धर्मपुर से शिमला के बीच किया जाएगा. ट्रेन नंबर 52454 का परिचालन 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक धर्मपुर और शिमला के बीच जारी रहेगा.
