Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 24 और 25 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग ने 21, 22 और 23 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की गई है। 26 अक्टूबर से राज्य में फिर से मौसम साफ हो जाएगा। मैदानी इलाकों में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को शिमला और मनाली समेत अन्य इलाकों में सुबह से धूप खिली, जिससे दिन में मौसम सुहावना रहा। हालांकि सुबह और शाम ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया।
जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य के पास पहुंच गया है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई। मौसम विभाग की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति के ताबो में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
<h2>लाहौल स्पीति और अन्य शहरों में पारे में दर्ज की गई गिरावट</h2>
कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। किन्नौर के कल्पा में पारा 4 डिग्री, मनाली में 5.5 डिग्री और भुंतर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर और चंबा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
नाहन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री, मंडी में 2.6 डिग्री और बिलासपुर में 2.5 डिग्री कम रहा। सुंदरनगर, भुंतर और सोलन में भी पारा गिरा है। हालांकि शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा।
