Shimla News: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने नियमित बस यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘हिम बस प्लस कार्ड’ लॉन्च किया है। इस डिजिटल कार्ड के जरिए पूरे राज्य में कैशलेस सफर किया जा सकेगा। यात्रियों को किराए में सीधी छूट के साथ हर महीने शानदार कैशबैक की सुविधा भी दी जाएगी।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर बुशहर हुमेश शर्मा ने बताया कि यह नया कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सिस्टम के तहत तैयार हुआ है। आम यात्रियों को मूल किराए में 5 प्रतिशत और सीनियर सिटीजन को 15 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी। यह लाभ एचआरटीसी की सभी श्रेणी की बसों में लागू होगा।
कार्ड में हर महीने यात्रा पर हुए खर्च के अनुसार विशेष कैशबैक मिलेगा। एक महीने में 1000 से 1500 रुपये के खर्च पर 100 रुपये, 1501 से 2000 रुपये पर 200 रुपये, 3001 से 4000 रुपये पर 500 रुपये, 5001 से 7500 रुपये पर 1000 रुपये और 10 हजार रुपये से अधिक पर 2000 रुपये तक कैशबैक मिलेगा।
हिम बस प्लस कार्ड की एक साल की फीस 365 रुपये रखी गई है। यात्री एचआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या स्मार्ट पास पोर्टल पर जाकर हिमाचल नागरिक पहचान से लॉगिन करके आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से यह कार्ड सीधे आपके घर पहुंचेगा। यात्रा करने से पहले किसी भी एचआरटीसी काउंटर पर एसबीआई पॉस मशीन से इसे एक्टिवेट कराना होगा। यह कार्ड ऑफलाइन भी चलेगा और गूगल पे या फोन पे से रिचार्ज होकर दिल्ली मेट्रो तथा हरियाणा रोडवेज़ में भी इस्तेमाल हो सकेगा।