Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार सोमवार सुबह तक भूस्खलन के कारण प्रदेश में 98 सड़कें बंद थीं।
इसके साथ ही 107 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 37 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य में 6 सितंबर तक मौसम पूरी तरह से साफ होने के आसार नहीं हैं।
अगले चार दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट रहा। 1 सितंबर को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं 2 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी रहेगा।
3 सितंबर को भी सिरमौर में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। 4 से 6 सितंबर के बीच भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं।
सड़कों और बिजली आपूर्ति पर असर
सोमवार सुबह तक मंडी जिले में सबसे अधिक 43 सड़कें बंद दर्ज की गईं। कुल्लू में 16, चंबा में 15 और कांगड़ा में सात मार्ग भूस्खलन की वजह से पूरी तरह बंद हैं। मंडी में 89 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, जबकि हमीरपुर में 37 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान कांगड़ा में 70.4 मिलीमीटर, बिलासपुर के मलराओं में 70.0 और मंडी के जोगिंदरनगर में 70.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। शिमला में रविवार शाम हुई भारी बारिश से पेड़ गिरने और गाड़ियों पर मलबा गिरने की घटनाएं हुईं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
कालका-शिमला रेल सेवा ठप और भारी नुकसान
सोलन जिले में रेलवे ट्रैक के पुल के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण कालका-शिमला हेरिटेज रेल लाइन पर दूसरे दिन भी ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहीं। आगामी आदेशों तक इस ऐतिहासिक रेल मार्ग पर परिचालन बंद रहेगा। इससे यात्रा करने वाले पर्यटकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मॉनसून सीजन में अब तक हादसों और आपदाओं में 253 लोगों की जान जा चुकी है, 462 घायल हैं और एक व्यक्ति लापता है। राज्य में 102 मकान पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। सरकार के मुताबिक अब तक करीब 1,184 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है।