शिमला डीसी ऑफिस परिसर में बंदर ने छीना 81 हजार से भरा बैग, पेड़ पर चढ़कर बरसाए नोट

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बेहद अनोखी और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। डीसी ऑफिस परिसर में शुक्रवार को एक बंदर ने बैंक में पैसे जमा करने जा रहे व्यक्ति के हाथ से 81,800 रुपये से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद बंदर पेड़ पर चढ़ गया और नोटों की बारिश करते हुए नीचे फेंकने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बंदर की हरकत से मची अफरा-तफरी

घटना के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति बैंक में नकदी जमा कराने के लिए जा रहा था, तभी अचानक एक बंदर ने उस पर झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया। जब तक वह व्यक्ति कुछ समझ पाता, तब तक बंदर फुर्ती से पास के पेड़ पर चढ़ गया। नीचे खड़े लोग इस अजीबोगरीब नजरे को देखकर हैरान रह गए। व्यक्ति के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और नीचे गिर रहे नोटों को इकट्ठा करना शुरू किया। हालांकि, बंदर ने बैग अपने पास ही रखा और लगातार नोट नीचे फेंकता रहा।

लोगों की मदद से मिले अधिकांश पैसे, कुछ नोट हुए खराब

पीड़ित ने बताया कि वहां मौजूद लोगों की सूझबूझ और मदद से उसके अधिकांश पैसे वापस मिल गए, लेकिन लगभग 1,500 रुपये का पता नहीं चल पाया। इसके अलावा, बंदर ने कुछ 500-500 रुपये के नोटों को फाड़ भी दिया, जिससे वे किसी काम के नहीं रहे। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह हवा में बिखरते देख पीड़ित काफी परेशान हो गया।

राजधानी में लगातार बढ़ रहा बंदरों का आतंक

शिमला शहर में बंदरों का उत्पात अब आम जनता और पर्यटकों दोनों के लिए एक गंभीर समस्या का रूप ले चुका है। अमूमन ये बंदर लोगों से खाने-पीने का सामान छीनते हैं, लेकिन डीसी ऑफिस जैसे संवेदनशील और व्यस्त सरकारी परिसर के भीतर इस तरह की घटना ने लोगों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। इस अनोखी घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ रहे बंदरों के आतंक को बड़ा चर्चा का विषय बना दिया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News