Nahan News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेशभर में 100 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं। सिरमौर जिले में नाहन से श्री रेणुकाजी मार्ग पर बाबा बड़ोलिया के पास चढ़ाई पर एक ट्रक चिकनी मिट्टी पर फिसलकर खाई में पलट गया।
हादसे में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि गनीमत यह रही कि चालक और परिचालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। सामान से लदा यह ट्रक चढ़ाई चढ़ते समय अचानक अनियंत्रित हो गया था, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटनास्थल पर भूस्खलन होने के कारण सड़क पर भारी मात्रा में चिकनी मिट्टी जमा थी। चढ़ाई पर ट्रक के टायर अचानक फिसलने लगे और चालक नियंत्रण खो बैठा। जैसे ही ट्रक पीछे मुड़ने लगा, चालक और परिचालक ने तुरंत बाहर कूदने का समझदारी भरा फैसला किया और बाल-बाल बच गए।
पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से रास्ते बेहद खतरनाक हो चुके हैं। पिछले दिनों लाहुल से पांगी जा रही गाड़ी पर पहाड़ गिरने से 13 लोगों की जान चली गई थी। भूस्खलन और मलबे के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही लगातार जोखिम भरी बनी हुई है।
प्रदेश में लगातार जारी बारिश से कुल 129 सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 60 रास्ते पूरी तरह बंद पड़े हैं। इसके अलावा कुल्लू में 42 और राजधानी शिमला में 10 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप है।